International Society for Krishna Consciousness

Founder Acharya — HDG A.C. Bhaktivedanta Swami Prabhupada

Hare Krishna Hare Krishna, Krishna Krishna Hare Hare
Hare Rama Hare Rama, Rama Rama Hare Hare

हरिनाम – एक अंतर यात्रा
← All Articles

हरिनाम – एक अंतर यात्रा

हरिनाम रिट्रीट के माध्यम से हरिनाम को समझने की एक व्यक्तिगत यात्रा

📅 25 April 2026✍️ Manjari

हाल ही में मुझे एक बहुत ही विशेष अनुभव प्राप्त हुआ — परम पूज्य भक्ति प्रेम स्वामी महाराज के सान्निध्य में हरिनाम चिंतामणि पर 3-दिवसीय रिट्रीट में भाग लेने का अवसर मिला। यह केवल एक सेमिनार नहीं था, बल्कि मेरे लिए एक ऐसी यात्रा थी जिसने मुझे अंदर तक झकझोर दिया और सोचने पर मजबूर कर दिया कि मैं वास्तव में अपनी साधना में कहाँ खड़ी हूँ।

हरिनाम चिंतामणि, जो श्रील भक्तिविनोद ठाकुर द्वारा रचित है, हरिनाम के गूढ़ रहस्यों को बहुत ही सरल और गहराई से समझाता है। लेकिन जब यही विषय गुरु महाराज के श्रीमुख से सुनने को मिला, तो उसका प्रभाव बिल्कुल अलग और बहुत ही व्यक्तिगत था।

इस रिट्रीट के दौरान सबसे महत्वपूर्ण बात जो मैंने महसूस की, वह यह थी कि हम अक्सर हरिनाम को एक दिनचर्या की तरह लेते हैं — जप करना है, माला पूरी करनी है — लेकिन वास्तव में हरिनाम केवल एक प्रक्रिया नहीं है, यह भगवान से सीधा संबंध जोड़ने का माध्यम है। गुरु महाराज ने बार-बार यह समझाया कि हरिनाम स्वयं भगवान का ही स्वरूप है — उसमें उनका नाम, रूप, गुण और लीला सब कुछ उपस्थित है। लेकिन समस्या यह है कि हम नाम तो लेते हैं, परन्तु उसके प्रति हमारी श्रद्धा और शुद्धता उतनी नहीं होती।

इस सेमिनार में नामापराधों पर विशेष जोर दिया गया। मैंने महसूस किया कि अनजाने में भी हम कई बार ऐसे अपराध कर बैठते हैं — जैसे वैष्णवों के प्रति मन में आलोचना रखना, गुरु के निर्देशों को हल्के में लेना, या हरिनाम को सामान्य ध्वनि समझना। यही चीज़ें हमारे जप में रस आने से रोकती हैं।

मेरे लिए यह अनुभव बहुत गहरा था कि समस्या नाम में नहीं है, समस्या मेरे दृष्टिकोण में है।

एक और बात जो बहुत हृदय को छू गई, वह थी विनम्रता। जब तक हम नम्रता के साथ, शरणागति के भाव से नाम नहीं लेते, तब तक नाम का वास्तविक प्रभाव हमारे हृदय में प्रकट नहीं होता।

इस रिट्रीट के दौरान मैंने यह भी महसूस किया कि हरिनाम कोई तुरंत परिणाम देने वाली चीज़ नहीं है, बल्कि यह एक संबंध है — जिसे धैर्य, सच्चाई और नियमितता के साथ विकसित करना होता है।

धीरे-धीरे यह समझ में आया कि जीवन की सच्चाई क्या है। हम जीवन में बहुत कुछ पाने की कोशिश करते हैं — भौतिक सफलता, पहचान, आराम — लेकिन यह सब अस्थायी है। असली शांति तब शुरू होती है जब मन भगवान के नाम में स्थिर होने लगता है।

इस अनुभव ने मेरे अंदर एक नई प्रेरणा जगाई है — कि मैं अब हरिनाम को केवल एक दैनिक कार्य की तरह नहीं, बल्कि एक अवसर की तरह देखूँ — भगवान के साथ जुड़ने का अवसर। मैं यह नहीं कह सकती कि मैं पूरी तरह बदल गई हूँ, लेकिन इतना जरूर है कि अब जागरूकता आ गई है — और शायद यही इस रिट्रीट की सबसे बड़ी कृपा है।

हरे कृष्ण 🙏

Manjari
Written by

Manjari

Devotee