International Society for Krishna Consciousness

Founder Acharya — HDG A.C. Bhaktivedanta Swami Prabhupada

Hare Krishna Hare Krishna, Krishna Krishna Hare Hare
Hare Rama Hare Rama, Rama Rama Hare Hare

नीला सियार और साधक का आंतरिक रूपांतरण
← सभी कहानियाँवैष्णव कहानी

नीला सियार और साधक का आंतरिक रूपांतरण

​एक जंगल में एक साधारण सियार रहता था। एक दिन भोजन की तलाश में वह पास के गाँव में जा पहुँचा।

भाषा:
अनुवाद जल्द उपलब्ध होगा। मूल कहानी नीचे दी गई है।

​एक जंगल में एक साधारण सियार रहता था। एक दिन भोजन की तलाश में वह पास के गाँव में जा पहुँचा।

वहाँ के कुत्तों ने उसे देख लिया और भौंकते हुए उसके पीछे दौड़ पड़े।

अपनी जान बचाने की आपाधापी में वह भागते हुए एक रंगरेज़ (धोबी) के घर में जा घुसा और वहाँ नीले रंग से भरे एक बड़े ड्रम में कूद गया।

​जब कुत्ते चले गए, तो वह बाहर निकला। उसने देखा कि उसका पूरा शरीर ऊपर से नीचे तक चमकीले नीले रंग में रंग चुका था।

​जब वह वापस जंगल लौटा, तो शेर, बाघ, हाथी और चीते जैसे सभी बलवान पशु उसके इस अनोखे और चमकीले रूप को देखकर डर गए।

सियार ने उनकी घबराहट भांप ली और चालाकी से सीना तानकर बोला, "डरो मत! भगवान ब्रह्मा ने मुझे तीनों लोकों का स्वामी बनाकर पृथ्वी पर भेजा है। अब से मैं तुम्हारा महाराज हूँ और तुम सबको मेरी सेवा करनी होगी।"

​जंगल के सभी जानवर उसके बाहरी रंग-रूप के धोखे में आ गए। वे उसे पूजने लगे, उसके लिए शिकार लाते और उसकी जय-जयकार करते।

सियार अपने झूठे अहंकार में अंधा हो गया और उसने अपने ही सियार समाज को जंगल से बाहर खदेड़ दिया ताकि कोई उसकी पोल न खोल सके।

​कुछ समय बाद एक शाम जब वह अपनी सभा में शान से बैठा था, तभी दूर जंगल से सियारों के एक झुंड के चिल्लाने (हुआँ-हुआँ करने) की आवाज़ आई।

​सियार चाहे जितना भी बाहरी रूप बदल ले, उसका मूल स्वभाव नहीं बदला था।

उस आवाज़ को सुनते ही वह अपनी सुध-बुध खो बैठा, अपने राजा के पद को भूल गया और आसमान की तरफ मुँह उठाकर ज़ोर-ज़ोर से "हुआँ-हुआँ" चिल्लाने लगा।

​जैसे ही शेर और अन्य जानवरों ने उसकी आवाज़ सुनी, वे तुरंत समझ गए कि यह कोई दिव्य राजा नहीं, बल्कि एक साधारण ढोंगी सियार है।

उसकी असलियत सामने आते ही सभी जानवरों ने उसे घेर लिया और उसकी धूर्तता का अंत कर दिया।

​आध्यात्मिक दृष्टिकोण और साधक के लिए सीख:-

​यह कथा सीधे हमारे आध्यात्मिक जीवन और भक्ति मार्ग के एक बहुत बड़े सत्य को उजागर करती है:

बाहर से भक्त बनना बहुत आसान है—तिलक लगाना, तुलसी कंठी पहनना और धोती-कुर्ता या साड़ी धारण करना कुछ ही मिनटों का काम है।

परंतु मन से काम, क्रोध, लोभ, ईर्ष्या और अहंकार को मिटाकर अंदर से सच्चा भक्त बनने में समय, साधना और धैर्य लगता है।

​विपरीत परिस्थिति में वास्तविक परीक्षा:-

नीला रंग केवल एक बाहरी परत था, जिसने सियार को बदला नहीं, केवल ढँक रखा था। जैसे ही सियारों की आवाज़ आई, उसका पुराना स्वभाव बाहर आ गया।

ठीक उसी प्रकार, जब हमारे जीवन में कोई अपमान, संकट, हानि या विपरीत परिस्थिति आती है, तब हमारी असलियत सामने आ जाती है।

यदि भीतर से भक्ति और विनम्रता नहीं है, तो ज़रा से उकसावे पर हमारा पुराना भौतिक स्वभाव और क्रोध बाहर छलक पड़ता है।

​भगवान श्री कृष्ण की चेतावनी (भगवद्गीता ३.६):

स्वयं भगवान श्री कृष्ण गीता में ऐसे बाहरी दिखावे के प्रति सचेत करते हुए कहते हैं:-

"​कर्मेन्द्रियाणि संयम्य य आस्ते मनसा स्मरन् । इन्द्रियार्थान्विमूढात्मा मिथ्याचारः स उच्यते ॥"

(जो व्यक्ति बाहर से तो सब त्याग का दिखावा करता है, परंतु मन से भीतर-भीतर भौतिक वासनाओं और अहंकार का ही चिंतन करता रहता है, वह ढोंगी यानी 'मिथ्याचारी' कहलाता है।)

नीला सियार और साधक का आंतरिक रूपांतरण
​जीवन का संदेश:- हमें केवल भक्त का बाहरी मुखौटा पहनकर आत्म-संतुष्ट नहीं होना चाहिए। बाहरी वेष का सम्मान करते हुए, हमारा वास्तविक प्रयास निरंतर हरिनाम जप, संतों के संग और निस्वार्थ सेवा द्वारा अपने अंतःकरण को शुद्ध करने का होना चाहिए—ताकि हमारा बाह्य आचरण और आंतरिक चरित्र एक समान हो सके।
हरे कृष्ण
← और वैष्णव कहानियाँ पढ़ें